देहरादून। महंगाई और गैस सिलिंडर के दामों में हुई वृद्धि के विरोध में आज कांग्रेसियों ने उत्तराखंड में धरना-प्रदर्शन कर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगते हुये महंगाई और केंद्र सरकार का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि केंद्र सरकार ने महिलाओं की ससोई पर वार किया है। इसके खिलाफ जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानंत्री के ज्ञापन भेजा गया।
रसोई गैस की कीमतों में 150 रूपये की भारी वृद्धि के विरोध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह के आह्रवान पर राजधानी देहरादून सहित सभी जिला एवं शहर मुख्यालयों में कांग्रेसियों द्वारा केन्द्र की भाजपा नीत मोदी सरकार का पुतला दहन किया गया। इसी कार्यक्रम के तहत देहरादून महानगर में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचन्द शर्मा, जिलाध्यक्ष संजय किशोर, गौरव चौधरी के संयुक्त नेतृत्व में कांग्रेसियों ने ऐस्लेहाॅल चौक पर भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय से कांग्रेसियों ने मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ऐस्लेहाॅल चौक की ओर गये जहां पर उन्होंने विरोध प्रदर्शन के उपरान्त मोदी सरकार के पुतले को आग के हवाले किया। कांग्रेसियों ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार ने वर्ष 2020 में रसोई गैस सिलेण्डर के दाम दो बार बढ़ा दिये तथा इस बार 150 रूपये की भारी वृद्धि की गई है जो गरीब जनता के पेट पर लात मारने जैसा है। भाजपा सरकार के सत्तासीन होने के बाद लगातार मंहगाई की मार झेल रही गरीब जनता पर रसोई गैस के दामों में वृद्धि कर केन्द्र सरकार ने गरीब के घर का चूल्हा बुझाने का काम किया है। कांग्रेसियों ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार मंहगाई पर लगाम लगाने से पूरी तरह नाकाम हो चुकी है तथा मंहगाई के नाम पर जनता का शोषण कर रही जिसे कांग्रेस पार्टी कतई बर्दास्त नहीं करेगी तथा सड़कों पर उतर कर भाजपा सरकार की दमनकारी नीति का विरोध करेगी। पुतला दहन करने वालों में पूर्व मंत्री मातवर सिंह कण्डारी, प्रदेश महामंत्री राजेन्द शाह, भुवन कापडी, महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा, जिलाध्यक्ष संजय किशोर, गौरव चोधरी, नागेश रतूड़ी, प्रभुलाल बहुगुणा, गोदावरी थापली, डाॅ आरपी रतूड़ी, जयेन्द्र रमोला, प्रदेश सचिव नवीन पयाल, जगदीश धीमान, अर्जुुन कुमार, राजेश चमोली, राजेश पाण्डे, शांति रावत, कमरखान ताबी, दीप बोहरा, भरत शर्मा, महानगर प्रवक्ता डाॅ प्रतिमा सिंह आदि शामिल थे।
मसूरी में उत्तराखंड महिला कांग्रेस द्वारा प्रदेश प्रवक्ता जगबीर कौर के नेतृत्व में महंगाई और गैस के बढ़ते दाम को लेकर केंद्र सरकार का पुतला फूंका गया। वहीं, जमकर नारेबाजी भी की। उन्होंने कहा कि केंद्र की गलत नीतियों के कारण आज देश में महंगाई की मार से लोग परेशान हैं। सरकार से जल्द गैस के बढ़े हुए दामों को वापस लेना चाहिए। रुद्रपुर और काशीपुर में भी कांग्रेसियों ने घरेलू सिलिंडर के बढ़ते दामों को लेकर प्रधानमंत्री मुर्दाबाद के नारे लगाए। कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने कहा कि विकास के नाम पर मोदी सरकार जनता को मंहगाई के बोझ तले दबा रही है। काशीपुर के महानगर अध्यक्ष संदीप सहगल ने कहा व्यापारी जीएसटी तो किसान कर्ज में डूबा हुआ है। भाजपा सरकार में लगातार बढ़ रही महंगाई से आम आदमी का जीवन दूभर हो गया है। हरिद्वार में भी कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार की ओर से घरेलू गैस के बढ़े दामों पर नराजगी जताई। महानगर कांग्रेस कमेटी ने भी चंद्राचार्य चौक पर प्रदर्शन कर केंद्र व प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया। प्रदेश महासचिव डॉ संजय पालीवाल ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार ने दिल्ली चुनाव हारते ही देश की जनता पर प्रहार करने शुरू कर दिए हैं।
गैस सिलिंडर के दामों में हुई वृद्धि का विरोध, कांग्रेसियों ने फूंका केंद्र सरकार का पुतला
खबर शेयर करें