हल्द्वानी। रोडवेज कर्मचारियों ने डिपो इंचार्ज पर ड्यूटी लगाने में मनमर्जी करने का आरोप लगाया है। इसे लेकर कर्मचारियों ने सोमवार को स्टेशन में जमकर हंगामा काटा। बाद में आश्वासन पर कर्मचारी माने।
बताया जाता है कि डिपो इंचार्ज ने कानपुर रूट में तैनात बेहतर रिकार्ड वाले नियमित परिचालक को रूट पर भेजने के बजाय विशेष श्रेणी वाले परिचालक को उसके रूट पर भेजने का फरमान सुनाया दिया था। जिस विशेष श्रेणी वाले परिचालक को कानपुर रूट पर भेजने का फरमान सुनाया गया उसका रिकार्ड काफी खराब बताया जा रहा है। इसे लेकर हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन में ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों ने सोमवार की प्रातः हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि डिपो इंचार्ज कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने में मनमानी कर रहे हैं। इससे आक्रोशित कर्मचारियों ने कामकाज ठप कर दिया। करीब एक घंटे तक चले हंगामे से टिकट मशीनें बनाने से लेकर अन्य विभागीय कार्य प्रभावित हो गए। जिसके चलते यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कर्मचारियों के हंगामे को देखते हुए डिपो में मौजूद अधिकारियों ने उनसे वार्ता की। अधिकारियों ने कर्मचारियों को इस मामले में कार्यवाही का भरोसा दिलाकर शांत किया।