हल्द्वानी। जहां एक ओर कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए पूरे देश में सतर्कता बरती जा रही है। साथ ही आवागमन पर भी प्रतिबंध लगा हुआ है। वहीं नगर में बाहर से आने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। इस सबके बीच पुलिस-प्रशासन के चौकसी के दावे हवाई साबित हो रहे हैं। नगर में ब्राजील व दुबई से एक महिला समेत पांच लोग पहुंचे हैं। लेकिन यहां प्रशासन ने उनकी स्क्रीनिंग तक नहीं कराई गई।
कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए देश में जनता कर्फ्यू लगा हुआ है। इस सबके बीच यहां ब्राजील व दुबई से पांच लोग पहुंचे। उन्हें पिथौरागढ़ व मुनस्यारी जाना है। यहां वह वाहन न मिलने के चलते रविवार को जनता कर्फ्यू के बीच सड़क में घूमते दिखे। बातचीत करने पर उन्होंने बताया कि वह देर रात दिल्ली से यहां बस से पहुंचे। लेकिन यहां से आगे जाने का वाहन नहीं मिला। उनका कहना था कि दिल्ली में उनकी पूरी स्क्रीनिंग की गई। साथ ही उन्होंने आने की सूचना भी पुलिस-प्रशासन को दे दी थी। लेकिन इसके बाद भी पुलिस-प्रशासन ने अब तक उनके बारे में कोई जानकारी जुटाना तक मुनासिब नहीं समझा। पांचों लोगों का कहना था कि प्रशासन द्वारा उनकी जांच नहीं कराई गई है, इसलिए वह स्वयं ही अस्पताल जाकर अपनी जांच करा रहे हैं।
इधर महामारी का रूप ले चुके कोरोना वायरस के फैलते संक्रमण के बीच पुलिस-प्रशासन की इस कार्यप्रणाली से इस बात का अंदाजा स्वतः ही लगाया जा सकता है कि प्रशासन इसके प्रति कितना गंभीर है। प्रशासन के स्क्रीनिंग और जांचों के सभी दावे फेल दिखाई दे रहे हैं। अधिकारी शासन के निर्देश को ठेंगा दिखा रहे हैं। इससे साफ है कि प्रशासन चेकिंग और स्क्रीनिंग के सिर्फ दावे कर रहा है धरातल पर कुछ नहीं है।