देहरादून। उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमस्खलन की आशंका है। मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार के लिए एडवाइजरी जारी कर ऊंचाई वाले इलाकों में सतर्क रहने को कहा है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि इस सप्ताह अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी। मैदानों में तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। उत्तराखंड में आने वाले दिनों में मैदान से लेकर पहाड़ तक मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान में वृद्धि होने से उच्च हिमालयी क्षेत्र में बर्फ के पिघलने में तेजी आ सकती है। इससे हिमस्खलन की तीव्र आशंका बन रही है। उन्होंने बताया कि हालांकि न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि हो रही है, लेकिन अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच अंतर काफी बढ़ रहा है। इससे दिन गरम हो रहे हैं और रातें सर्द। उन्होंने सलाह दी कि हिमस्खलन की आशंका के मद्देनजर गुरुवार और शुक्रवार को सैलानी उच्च हिमालय की यात्रा से परहेज करें।
उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमस्खलन की आशंका
खबर शेयर करें