देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बाबासाहेब डॉ. अंबेडकर की जयंती पर मुख्यमंत्री आवास में उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर जी ने हमेशा समानता के लिए संघर्ष किया। मानवाधिकार आंदोलन एवं संविधान निर्माण में उनकी अहम भूमिका रही। बाबा साहेब ने अपना जीवन समाज से छूआछूत व अस्पृश्यता को दूर करने के लिए समर्पित किया था। उन्होंने राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समानता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। बाबा साहेब ने देश को वह संविधान दिया जिसने हमें एकसूत्र में बांधा। बाबा साहेब ने दलित व पिछड़े वर्गों में आत्मसम्मान की भावना का संचार कर उन्हें देश की मुख्यधारा से जोड़ा।

वहीं उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डाॅ भीमराव अम्बेडकर की 129वीं जयंती के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, राजीव भवन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने डाॅ भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हेें अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किये। इससे पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने घण्टाघर स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यापर्ण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। बाबा साहब डाॅ भीमराव अम्बेडकर को श्रद्धांसुमन अर्पित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि बाबा साहब डाॅ भीमराव अम्बेडकर देश में सामाजिक स्थापना करना चाहते थे, वे समता मूलक समाज के परिचायक थे, उन्होने संविधान निर्माण में प्रमुख भूमिका का निर्वहन करते हुए भारत निर्माण की मजबूत नींव रखी थी। उन्होंने समाज के कमजोर एवं उपेेक्षित वर्ग के लोगों केे जीवन स्तर को उठाने का सराहनीय कार्य किया।