हल्द्वानी। रामनवमी के अवसर पर विभिन्न मंदिरों में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव पुजारियों द्वारा बड़े धूमधाम से मनाया गया। कई मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन भी किया गया। साथ ही श्रद्घालुओं ने घरों में भी पूजा-अर्चना की। जरूरी सामान खरीदने वाले लोग भी मंदिर के पट बंद होने के बाद भी बाहर से ही श्रद्घाभाव से सर झुकाते देखे गये।
कोरोना वायरस के चलते सभी मंदिर भी बंद होने के कारण इस बार श्रद्घालु चैत्र नवरात्र पर मंदिरों में जाकर पूजा-अर्चना नहीं कर पाये। मंदिरों में पुजारियों ने ही पूजा-अर्चना की। यही क्रम रामनवमी पर भी देखा गया। मंदिरों में प्रातः से ही जहां पुजारी पूजा-अर्चना में जुटे रहे, वहीं श्रद्घालुओं ने भी घरों में पूजा-अर्चना के साथ–साथ धार्मिक अनुष्ठान कराये। साथ ही जरूरी काम से आने-जाने वाले लोग मंदिरों के बाहर मस्तक झुकाकर प्रार्थना करते दिखाई दिये।

वहीं रामनवमी पर प्राचीन राम मंदिर में भगवान राघवेंद्र सरकार का प्राकट्योत्सव मनाया गया। मन्दिर व्यवस्थापक पण्डित विवेक शर्मा ने अभिषेक, भव्य श्रृंगार के पश्चात प्रख्यात गायक भास्कर जोशी, मोहन जोशी, रजत शर्मा ने सुंदरकांड पाठ शुरू किया। दोपहर 12 बजे प्रभु का प्राकट्योत्सव महाआरती, एवम पंचामृत, फल, मेवे की बर्फी का भोग लगाया गया। इस दौरान सूजी के हलवे से बना केक भी काटा गया। कार्यक्रम में कोरोना वायरस से बचने के लिए सोशल डिस्टेंस का विशेष ध्यान रखा गया।