हल्द्वानी। रामनवमी पर्व के बावजूद बाजारों में आज भी जरूरी सामान खरीदने वालों की भीड़ कम ही रही। इसका प्रमुख कारण पट बंद होने के कारण लोगों का मंदिरों में पूजा-अर्चना न कर पाना रहा। जिसके चलते प्रातः दस बजे बाद ही बाजारों में गिने-चुने लोग ही दिखाई दिये। लोग जरूरतमंदों को मदद पहुंचाने में अभी भी जुटे हुए हैं। लॉक डाउन का उल्लंघन करने वालों से पुलिस सख्ती से निपट रही है।

कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लागू लॉक डाउन के तहत लोगों को बेवजह घरों से बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है। लोगों को जरूरी सामान खरीदने की छूट दी जा रही है। साथ ही इस अवधि में दुपहिया वाहन में दो सवारी पर जहां पुलिस कार्यवाही कर रही है। वहीं चौपहिया वाहनों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। बेवजह घूमने वालों पर भी पुलिस सख्ती बरत रही है। जगह-जगह-जगह तैनात पुलिस हर किसी से आने-जाने की वजह पूछ रही है। सही वजह न बताने वाले पर कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। आवश्यक सामग्री से जुड़े वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर आने-जाने दिया जा रहा है। आवश्यकीय सेवा से जुड़े लोग व्यवस्था बनाने का हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। गैस के वाहन क्षेत्रों में घूम रहे हैं। दूध के वाहन भी प्रातः के समय अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।
इधर कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते मंदिरों के पट बंद होने के चलते रामनवमी पर्व पर भी बाजार में लोग जरूरी सामान ही खरीदने पहुंचने। अधिकांश लोग प्रातः सात से नौ बजे तक ही जरूरी सामान खरीद ले रहे हैं। आज दोपहर दस बजे बाद बाजार में सन्नाटा सा पसर गया। गिने-चुने लोग ही बाजार में खरीददारी करते दिखाई दिये। लोग घरों के आस-पास से ही खरीददारी कर रहे हैं और बिना वजह बाजार में जाना पसंद नहीं कर रहे हैं और घरों में ही रहना सुरक्षित समझ रहे हैं। लोग सोशल डिस्टेंस का पूरा ध्यान रख रहे हैं।