हल्द्वानी। पार्षदों ने हाउस टैक्स बढ़ोत्तरी के विरोध में अपना आंदोलन जारी रखा। उन्होंने नगर निगम का मुख्य द्वार बंद कर दिया। जिससे मेयर व अधिकारी-कर्मचारी दफ्तर में कैद हो गये।
हाउस टैक्स में की गई बढ़ोत्तरी के विरोध में इन दिनों पार्षद नगर निगम परिसर में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को भी पार्षद नगर निगम के बाहर धरने पर बैठे और प्रदर्शन किया। इस बीच दोपहर 12 बजे मेयर डाॅ जोगेंद्र रौतेला ने आंदोलनरत पार्षदों को वार्ता के लिए बुलाया। लेकिन वह वार्ता करने को तैयार नहीं हुए। पार्षदों ने इसके बाद नगर निगम का मुख्य द्वार बंद कर दिया। जिसके चलते करीब एक घंटे तक मेयर, नगरायुक्त के अलावा अन्य अधिकारी व कर्मचारी निगम दफ्तर के अंदर ही बंधक बनकर रह गये। इसके अलावा निगम में कामकाज को आने-जाने वाले लोगों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बाद में पार्षदों ने मुख्य गेट स्वतः ही खोल दिया। इस दौरान पार्षदों का कहना था कि हाउस टैक्स में की गई बढ़ोत्तरी यदि शीघ्र वापस नहीं ली जाती है तो वह आंदोलन को और उग्र करने के लिए बाध्य होंगे। जिसकी समस्त जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी। प्रदर्शन करने वालों में पार्षद राजेंद्र सिंह जीना, रवि जोशी, मोहम्मद गुफरान, डेविड, विनोद दानी, मुकुल बल्यूटिया, पूर्व सभासद शकील सलमानी आदि शामिल रहे।
हाउस टैक्स बढ़ोत्तरीः पार्षदों ने बंद किया निगम का द्वार
खबर शेयर करें