हल्द्वानी। महाशिव रात्रि पर्व पर बारिश के बाद भी श्रद्घालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्घालुओं ने मंदिरों में पहुंच कर पूजा-अचर्ना की। साथ ही उपवास रखा।
महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर नगर सहित सभी शिवालयों में भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए लोग सुबह से ही पहुंचने शुरू हो गए। मंदिरों में पूरे विधि विधान के साथ शिव की पूजा की गई। साथ ही शिवलिंग पर दूध, जल, बेल पत्र, फूल आदि का अभिषेक किया गया। महाशिव रात्रि पर्व पर श्रद्घालुओं ने उपवास रखा और पूजा-अर्चना की। हालांकि शिवरात्रि पर्व पर प्रातः से ही मौसम ने अपनी करवट बदली हुई थी, बावजूद इसके श्रद्घालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। महाशिव रात्रि पर्व पर जहां मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। वहीं जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया गया था। जिनमें श्रद्घालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। साथ ही मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान कराये गये।