देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय अध्यक्ष दिवाकर भट्ट ने कहा कि तीन मार्च को गैरसैंण विधानसभा का घेराव कर सरकार पर स्थायी राजधानी घोषित करने का दबाव बनाया जाएगा। इसके बाद 20 मार्च से गढ़वाल व कुमाऊं मंडल में चेतना आंदोलन चलाकर जनता की चेतना जागृत की जाएगी। लोगों को बताया जाएगा कि 20 साल के अंतराल में भाजपा व कांग्रेस ने सिर्फ उत्तराखंड की जनता को छलने का काम किया है। कचहरी रोड स्थित केंद्रीय कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुये दिवाकर भट्ट ने भाजपा सरकार पर कई आरोप भी जड़े। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं व शिक्षा की व्यवस्थाएं बदहाल हैं। लगातार कम होती छात्र संख्या से तीन हजार स्कूल बंद होने के कगार पर हैं। भाजपा व कांग्रेस दोनों की सरकारों ने भाई भतीजावाद को बढ़ावा दिया है। भ्रष्ट नौकरशाहों व ठेकेदारों के साथ गठजोड़ कर काम किया जा रहा है। इस मौके पर संगठन की मजबूती के लिए प्रताप सिंह कुंवर को केंद्रीय महामंत्री, पीसी थपलियाल को पार्टी का केंद्रीय प्रवक्ता, च्योति रावत व समीर मुंडेपी को संगठन सचिव बनाया गया। पत्रकार वार्ता में बीडी रतूड़ी, त्रिवेंद्र सिंह पंवार, हरीश चंद्र पाठक, एपी जुयाल आदि उपस्थित रहे।
तीन मार्च को गैरसैंण विधानसभा का घेराव करेगा उक्रांद
खबर शेयर करें