हल्द्वानी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरूवार को तिकोनिया स्थित बुद्घ पार्क में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी पर रोष जताया। उन्होंने गैस सिलेंडर के दामों में की गई बढ़ोत्तरी जल्द वापस लेने को कहा है। साथ ही जल्द ही महंगाई पर नियंत्रण न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। जरूरत की चीजों के दाम लगातार बढ़ाए जा रहे हैं। ऐसे में रसोई गैस सिलेंडर के दामों में एक साथ 150 रूपये की बढ़ोत्तरी कर केंद्र सरकार ने जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने का कार्य किया है। कहा कि केंद्र सरकार लगातार जनविरोधी निर्णय ले रही है और इसका ठीकरा दूसरों के सिर फोड़ रही है। भाजपा शासन में देश का विकास ठप पड़ गया है। भाजपा सरकार देश की जनता को विकास के नाम पर महंगाई का तोहफा देने के सिवाय और कुछ नहीं कर रही है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि आज प्रदेश का किसान कर्ज में डूब रहा है और व्यापारी वर्ग जीएसटी के बोझ के तले दबता जा रहा है। भाजपा सरकार जनविरोधी नीतियों को लागू कर देश की जनता के खून पसीने की कमाई को चूसने का काम कर रही है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार के द्वारा जल्दी ही रसोई गैस सिलेंडरों के दामों में की गई बढ़ोत्तरी वापस नहीं ली तो देश और प्रदेश में उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा। जिसकी समस्त जिम्मेदारी केंद्र सरकार की होगी। इस दौरान सरिता आर्या, महेश शर्मा, सुहेल सिद्दीकी, गोविंद बिष्ट, हेमन्त बगड्वाल, सुमित हृदयेश, हेमन्त साहू समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।