हल्द्वानी। 15 दिन पूर्व मुखानी थाना क्षेत्र में एक घर में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक चोर को गिरफ्तार किया है। जबकि दूसरा अभी फरार बताया जा रहा है। पकड़े गये चोर से माल भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। उसे कार्यवाही के बाद जेल के लिए रवाना कर दिया गया है।
अम्बा विहार तल्ली बमौरी मुखानी में रहने वाले विजय सिंह पुत्र अमर सिंह ने बीती 27 जनवरी को अज्ञात चोरों द्वारा घर में घुसकर बर्तन व सरिया चोरी करने का मुकदमा पुलिस में दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस चोरी के खुलासे के प्रयास कर रही थी। पुलिस ने इस मामले में एक चोर को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक सिल्वर का भगौना, 14 सरिये के टुकड़े, सरिये के छल्ले व सरिया काटने की आरी बरामद की है। पकड़े गये चोर ने अपना नाम अमन आर्या पुत्र चन्द्रशेखर आर्या निवासी शिव मंदिर गली नंबर दो राजपुरा बताया है। उसने अपने साथी राजपुरा निवासी विशाल के साथ इस चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस का कहना है कि फरार चोर को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा। पुलिस ने पकड़े गये चोर के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।