हल्द्वानी। यहां स्वराज आश्रम में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कांग्रेस के पूर्व सांसद महेंद्र पाल सिंह और केसी सिंह बाबा ने प्रदेश की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। कहा कि राज्य सरकार ने चुनाव के समय जनता से किये किसी भी वायदे को पूरा नहीं किया। राज्य में होने वाले विकास कार्यों को ठप करने का आरोप लगाते हुए दोनों पूर्व सांसदों ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार को 3 साल पूरे होने वाले हैं लेकिन न तो प्रदेश में युवाओं को रोजगार मिल पा रहा है ना ही विकास के कार्य हो रहे है, उल्टा महंगाई कम करने का वादा करने वाली सरकार अपने कार्यकाल को महंगाई को चरम सीमा पर ले कर जा रही है। महेंद्र पाल सिंह और केसी सिंह बाबा ने कहा कि अब कांग्रेस राज्य सरकार के खिलाफ घर घर जाकर इनकी जनविरोधी नीतियों को उजागर करने वाली है। दोनों पूर्व सांसदों ने कहा कि कांग्रेस अब पूर्ण रूप से एकजुट है और आगामी 2022 में इस राज्य से भाजपा का सूपड़ा साफ करके ही दम लेगी। महेंद्र पाल सिंह ने मानव से संसाधन विकास मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक को भी एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने गैरसैंण में केंद्रीय विद्यालय खोलने की गुजारिश की है। उनके मुताबिक राज्य सरकार तो गैरसैण की कोई सुध नहीं ले रही है, लिहाज़ा यदि केंद्रीय विद्यालय गैरसैंण में खुलता है तो रोजगार के नए आयाम स्थापित होंगे। वहीं पूर्व सांसद केसी सिंह बाबा ने आरोप लगाया कि गन्ना किसान इस समय परेशान है और उनका लंबे समय से भुगतान नहीं हो पा रहा है, अगर ऐसा ही रहा तो आने वाले समय में मैदानी इलाकों में उद्योग धंधे बंद हो जाएंगे और रोजगार बिल्कुल समाप्त हो जाएगा। पत्रकार वार्ता में पूर्व पालिकाध्यक्ष हेमंत बगड्वाल, सतीश नैनवाल, राहुल छिम्वाल, हरीश मेहता मुख्यरूप से मौजूद रहे।
प्रदेश की भाजपा सरकार पर बरसे पूर्व सांसद
खबर शेयर करें