देहरादून। भाजपा महानगर की नई कार्यकारिणी ने टीम भावना से कार्य करने और पार्टी को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। गठन के बाद पहली बैठक में सभी का परिचय लेकर महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट ने सभी को दायित्व बोध कराया। इस मौके पर पार्टी की पत्रिका देवकमल का भी विमोचन किया गया। भारतीय जनता पार्टी के महानगर पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और मंडलों के सदस्यों की परेड मैदान स्थित कार्यालय में बैठक हुई। अध्यक्ष सीताराम भट्ट ने कहा कि सभी पदाधिकारी और सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में पांच-पांच घरों में जाकर पार्टी की पत्रिका देवकमल और पार्टी ध्वज वितरित कर लोगों से संवाद करेंगे। सीताराम भट्ट ने कहा कि आने वाला समय चुनौती भरा है और इसी कार्यकारिणी के नेतृत्व में आगामी विधानसभा चुनाव होना है। कार्यकर्ता अभी से घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों के बारे में लोगों को जागरूक करें। उन्होंने सभी से अपील की कि ‘हमारा परिवार भाजपा परिवार’ स्लोगन के साथ सभी अपने-अपने घरों पर नेम प्लेट लगाएं। बैठक की अध्यक्षता डॉ. उदय पुंडीर एवं संचालन महामंत्री रतन चौहान ने किया। इस दौरान सत्येंद्र नेगी, आशीष नागरथ, राजीव उनियाल, रविंद्र वाल्मीकि, पूर्ण सिंह नेगी, संजय सिंघल, गिरिराज उनियाल, श्याम पंत, जितेंद्र रावत मोनी, करुण दत्ता, ऋषि नंदा, विनोद शर्मा, निधि राणा, ममता बडोला, संध्या थापा, सविता वर्मा, रानी मधवाल, नीलम सेमवाल, शालिनी रावत आदि उपस्थित रहे।
नई कार्यकारिणी ने लिया पार्टी को मजबूत बनाने का संकल्प
खबर शेयर करें