हल्द्वानी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक बैठक स्वराज आश्रम में आयोजित की गई। जिसमें भाजपा सरकार की नाकामियों को लेकर चर्चा की गई। बताया गया कि प्रदेश सरकार द्वारा किये गये कार्यों को जानने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता लालटेन लेकर 26 फरवरी को जनता के बीच जायेंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ इंदिरा हृदयेश ने कहा कि भाजपा सरकार पर हर मुद्दे पर विफल रही है। कांग्रेस 26 फरवरी को आम जनता के बीच लालटेन लेकर जायेगी और उत्तराखंड में काबिज त्रिवेंद्र सरकार के विकास कार्यों को ढूंढेगी। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदेश की त्रिवेंद्र सरकार द्वारा किये गये कार्यों की जानकारी ली जायेगी। साथ ही जनता को होने वाली समस्याओं से भी रूबरू हुआ जायेगा।
एआईसीसी सदस्य सुमित हृदयेश ने कहा कि प्रदेश की भाजपानीत त्रिवेन्द्र सरकार के कार्यकाल में महंगाई चरम पर हैं और तीन साल में विकास का कोई नया पत्थर नहीं लगा। नगर निगम का सीमा विस्तार तो कर दिया गया, लेकिन वहां अभी तक कोई सुविधाएं नहीं दी गई हैं। बढ़े हुये हाउस टैक्स व प्राधिकरण के नाम पर आम जनता की परेशानियों में इजाफा किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने सर्किल रेट बढ़ाकर आम जनता के घर बनाने के सपने को तोड़ दिया है। बैठक में पूर्व केबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, प्रदेश महामंत्री महेश शर्मा, जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल, महानगर अध्यक्ष राहुल छिम्वाल, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्या, पूर्व पालिकाध्यक्ष हेमंत बगड्वाल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी, मंजू तिवारी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।